नेपाल में भारी बारिश से सीतामढ़ी में मची तबाही, सड़क टूटने से लोग परेशान, बाढ़ से बर्बाद हुई फसल
सीतामढ़ी. नेपाल में लगातार हो रही बारिश ने सीतामढ़ी जिले के सीमावर्ती इलाकों में तबाही मचा दी है. भारत–नेपाल सीमा के समानांतर बने इंडो–नेपाल सड़क पर रविवार को जबरदस्त रेन कट (कटाव) हो गया. इस कटाव ने सड़क को दो हिस्सों में बांट दिया है, जिससे लोगों के बीच भय का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पानी का स्तर और बढ़ा, तो सड़क पूरी तरह से बह जाएगी. फिलहाल पानी ने सड़क को तोड़ते हुए अपना रास्ता बना लिया है, जिससे स्थिति और भी खतरनाक हो गई है.
टूट सकती है संपर्क व्यवस्था
यह सड़क सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) की कई चौकियों को जोड़ती है और दोनों देशों के बीच आवागमन के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है. इसे ऊंचा बनाकर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) से जोड़ा गया था ताकि बाढ़ के पानी से सुरक्षा मिल सके, लेकिन अब यही सड़क खतरे में है. रेन कट की वजह से पानी तेज रफ्तार से नीचे की ओर बह रहा है और आसपास के खेतों और गांवों में फैलता जा रहा है. सड़क के टूटने से लोगों में डर का माहौल है. किसी भी वक्त सड़क का बड़ा हिस्सा ढह सकता है, जिससे संपर्क व्यवस्था पूरी तरह ठप होने की आशंका है.
बाढ़ के पानी से फसल बर्बाद
स्थानीय लोगों ने बताया कि पानी के बढ़ते दबाव ने कई गांवों में तबाही मचा दी है. चिल्लरी, सोनबरसा बाजार, हनुमान चौक, रामनगरा, रेहुआ, जयनगर और परछहिया जैसे गांवों में पानी प्रवेश कर चुका है. खेतों में खड़ी धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है. किसानों का कहना है कि ‘पहले सूखे में पटवन कर किसी तरह फसल तैयार की, अब बाढ़ के पानी ने सब बर्बाद कर दिया.’ कई घरों में पानी घुसने से लोग सुरक्षित स्थानों की तलाश में हैं.